पूर्वी सिंहभूम। परसुडीह थाना क्षेत्र के पाड़ा टोला स्थित एक तालाब में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान के साथ-साथ उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह तालाब के मालिक की नजर तालाब में तैर रहे शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान सागेन हांसदा को इसकी सूचना दी। ग्राम प्रधान ने बिना देर किए परसुडीह थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना भेजी जा रही है तथा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मृतक स्थानीय निवासी था या किसी अन्य क्षेत्र का रहने वाला था।

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि व्यक्ति की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और मृतक की पहचान के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version