पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले में बस यात्रियों को 7 जून से अधिक किराया चुकाना होगा। सिंहभूम बस ऑनर एसोसिएशन ने डीजल, ग्रीस, यूरिया, टायर, मोटर पार्ट्स, टोल टैक्स, बीमा प्रीमियम, मोटर वाहन कर और अन्य परिचालन खर्चों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का हवाला देते हुए बस किराए में संशोधन करने का फैसला लिया है। एसोसिएशन के जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नई दरों के तहत विभिन्न रूटों पर किराए में लगभग 18 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार अग्रवाल ने शनिवार काे बताया कि परिवहन व्यवसाय से जुड़े खर्चों में लगातार वृद्धि के कारण पुराने किराए पर बसों का संचालन आर्थिक रूप से कठिन होता जा रहा था। वहीं सचिव दिलीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि संशोधित किराया 7 जून 2026 से सभी संबंधित मार्गों पर प्रभावी हो जाएगा।
नई दरों के अनुसार चाईबासा से किरीबुरू का किराया 160 रुपये से बढ़ाकर 180 रुपये, गुवा का 150 से 170 रुपये, बड़ाजामदा का 130 से 150 रुपये, नोवामुंडी का 110 से 130 रुपये और कोटगढ़ का 90 से 110 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा जगन्नाथपुर, हाटगम्हारिया, झींकपानी, जैतगढ़, नरसिंहपुर, टाटानगर, चक्रधरपुर, गोइलकेरा, सोनुवा, सरायकेला, कांद्रा, बेनीसागर, मझगांव, कुमारडुंगी, राजनगर, हाता और मंझारी समेत कई रूटों पर भी किराया बढ़ाया गया है।
बस ऑनर एसोसिएशन ने यात्रियों से नई किराया दरों के अनुसार यात्रा करने की अपील की है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों में अध्यक्ष प्रदीप कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष बारिक, सचिव दिलीप कुमार अग्रवाल, उप सचिव जुवार गौरव, कोषाध्यक्ष मोहन लाल राठौर, उप कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार साव तथा अशोक दास शामिल हैं।



