नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और कोच जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने अपने खेल जीवन और कोच के रूप में देश की निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनका निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

अमित शाह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने शोक संदेश में कहा कि जसपाल राणा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। राणा ने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक सम्मान अर्जित किए और अपनी प्रतिभा तथा समर्पण से भारतीय निशानेबाजी को वैश्विक पहचान दिलाई।

गृह मंत्री ने कहा कि एक खिलाड़ी के रूप में जसपाल राणा ने भारत का गौरव बढ़ाया, वहीं कोच के रूप में उन्होंने युवा निशानेबाजों को प्रशिक्षित कर देश की नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके प्रयासों ने भारत को निशानेबाजी के क्षेत्र में एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी शक्ति के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई।

अमित शाह ने अपने संदेश में लिखा, “खिलाड़ी जसपाल राणा के निधन से अत्यंत दुखी हूं। देश के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान जीतकर और एक कोच के तौर पर युवा निशानेबाजों को प्रशिक्षित कर उन्होंने निशानेबाजी में भारत की अजेय शक्ति स्थापित करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। राणा का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है।”

उन्होंने शोक संतप्त परिवार और जसपाल राणा के लाखों प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version