बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों समेत चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब प्रशिक्षण पूरा कर लौट रहे पुलिस अधिकारियों की कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतकों की पहचान उदाकिशुनगंज अनुमंडल के रतवारा थाना अध्यक्ष सजन कुमार, अरार थाना अध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और बेलारी थाना अध्यक्ष नीरज कुमार के रूप में हुई है। हादसे में कार चालक ज्योतिष कुमार की भी जान चली गई। जानकारी के अनुसार, तीनों थानाध्यक्ष 10 और 11 जून को आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने पटना गए थे। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद गुरुवार शाम वे कार से मधेपुरा लौट रहे थे। देर रात करीब एक बजे उनकी कार बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे ने बिहार पुलिस विभाग को गहरा आघात पहुंचाया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version