रांची। झारखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी में पहुंच चुका है और मौसम विभाग के अनुसार इसके 15 जून तक झारखंड पहुंचने की संभावना है। विभाग का कहना है कि मानसून के केरल पहुंचने के बाद झारखंड में प्रवेश करने में सामान्यतः 10 से 12 दिन का समय लगता है। पिछले वर्ष राज्य में मानसून 17 जून को पहुंचा था।

मानसून से पहले राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 4 से 8 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। संभावित मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में गुमला जिले के सिसई में 9.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 41 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची में गुरुवार को सुबह आंशिक बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ गई। रांची का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर, बोकारो, चाईबासा और खूंटी सहित कई जिलों में भी तेज गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में प्री-मानसून बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को राहत मिलेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version