नई दिल्ली। देश में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद (सीसीएचएफडब्ल्यू) की 16वीं बैठक 29 जून को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रतापराव जाधव भी मौजूद रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, सांसद, वरिष्ठ अधिकारी, गैर-सरकारी सदस्य और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रमुख नीतिगत मुद्दों पर व्यापक चर्चा करना है।

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी), खाद्य एवं औषधि सुधार, सहायक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही राज्यों की सफल कार्यप्रणालियों को साझा करने, नई चुनौतियों की पहचान करने और पूरे देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर भी विचार-विमर्श होगा। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद का गठन संविधान के अनुच्छेद 263 के तहत किया गया था। यह परिषद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सर्वोच्च सलाहकार संस्था है, जो चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस बैठक को स्वास्थ्य क्षेत्र में सहकारी संघवाद को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version