रांची। रांची के चुटिया स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर दो युवकों द्वारा पेट्रोल बम फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, दो युवक कार्यालय के पास पहुंचे और पेट्रोल बम फेंककर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों संदिग्ध युवकों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ सहित भारतीय जनता पार्टी के कई नेता मौके पर पहुंचे। नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद आरएसएस कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version