रांची। रांची जिले में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत जिले के शून्य से पांच वर्ष तक के 5,05,524 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसकी जानकारी शनिवार को सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि जिलेभर में 3,893 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के संचालन के लिए 7,786 बूथ टीम सदस्यों की तैनाती की गई है, जबकि निगरानी के लिए 571 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के किसी भी पात्र बच्चे को पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहने देना है।
डॉ. प्रभात कुमार ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और उन्हें पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा पिलाएं। उन्होंने कहा कि “हर बच्चा, हर बार” अभियान की सफलता का मूल मंत्र है और पोलियो जैसी गंभीर बीमारी के पूर्ण उन्मूलन के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है।
प्रेस वार्ता के बाद सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाकर पल्स पोलियो प्रचार रथ को रवाना किया। यह रथ रांची के शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करेगा और अधिक से अधिक अभिभावकों को अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित करेगा। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे।



