दोनों सीटों पर दावा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुलाएंगे विधायकों की बैठक, सोमवार को होगा नामांकन
रांची। झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया कि गठबंधन में कोई विवाद नहीं है। रविवार को मीडिया से बातचीत में बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शाम को सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। रात्रि भोज के दौरान गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों पर फैसला हो जायेगा और सोमवार को नामांकन दाखिल किया जायेगा।
बघेल ने कहा कि कांग्रेस की तरह अब सब कन्फर्म हो गया है। दोनों सीटों की स्थिति क्लियर है। मुख्यमंत्री हम सबके नेता हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा था ही, लेकिन वह गठबंधन के भी नेता हैं। विवाद की खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि कोई विवाद था ही नहीं। ये सिर्फ बनायी गयी चीजें थीं, कोई इफेक्ट कभी भी नहीं था। कार्यकर्ता कोई बात करता है तो उसे क्लियरेंस करनी होगी।
कांग्रेस ने भूपेश बघेल और अजय शर्मा को झारखंड राज्यसभा चुनाव का पर्यवेक्षक बनाया है। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव है। सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस-राजद और माले गठबंधन के पास बहुमत है। कांग्रेस ने प्रणव झा को उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि झामुमो भी दोनों सीटों पर दावा कर रहा है। वहीं परिमल नथवानी ने निर्दलीय नामांकन पर्चा खरीद लिया है और मुख्यमंत्री से मुलाकात भी किये है। इससे झारखंड प्रदेश में होनेवाले राज्यसभा चुनाव के दोनों सीट पर संशय उत्पन्न हो गया है। हालांकि भाजपा ने भी प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है। लेकिन अभी तक उन्होंने प्रत्याशी कौन होगा इसकी घोषणा नहीं की है। रविवार शाम की बैठक में गठबंधन की ओर से निर्णायक मानी जा रही है।



