कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने फलता थाने पर हमले की कोशिश करने वालों के खिलाफ बुधवार को सख्त कार्रवाई का एलान किया। दक्षिण 24 परगना जिले के फलता में टीएमसी नेता जहांगीर खान को छुड़ाने के लिए भीड़ ने थाने पर हमले की कोशिश की थी। मुख्यमंत्री ने साफ कहा, पुलिस और अर्धसैनिक बलों पर हमला करने वाले किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जायेगा। मुख्यमंत्री फलता में एक सरकारी कार्यक्रम जनकल्याण शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने जहांगीर खान की पत्नी को इस हमले की मुख्य साजिशकर्ता बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने टीवी पर देखा कि कैसे एक माफिया की पत्नी के नेतृत्व में भीड़ ने सुरक्षाबलों पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने जोर देकर कहा कि फलता में अब कानून का राज स्थापित हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि माफिया चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, भाजपा सरकार उसे सबक सिखायेगी। उन्होंने मंच से ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) को निर्देश दिये कि राज्य विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाये। उन्होंने कहा कि सजा ऐसी होनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी पुलिस, सरकारी कर्मचारियों या अर्धसैनिक बलों पर हमला करने की हिम्मत न करे। मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमलावरों को सिर्फ जेल नहीं भेजा जायेगा, बल्कि उनकी संपत्तियां भी जब्त की जायेंगी। इन संपत्तियों को बाद में नीलाम किया जायेगा। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार का संकल्प बताया।



