पलामू। पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र स्थित शांतिपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतका की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के खाटिन गांव निवासी 68 वर्षीय लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। वह शिव प्रसाद राजकिशन की पत्नी थीं।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल टीओपी तीन के प्रभारी प्रदीप Kumar मेहता को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। पहचान होने के बाद शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि लक्ष्मी देवी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। परिजनों के अनुसार वह गुरुवार को घर से निकली थीं और देर रात तक वापस नहीं लौटीं। उनकी तलाश परिवार के लोग अपने स्तर पर कर रहे थे। इस संबंध में पुलिस को भी मौखिक सूचना दी गई थी।
शुक्रवार सुबह उनका शव रेलवे लाइन के पास मिलने से परिवार में मातम छा गया। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि रेलवे ट्रैक के पास से गुजरने के दौरान वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

