गिरिडीह: भारतीय जनता पार्टी झारखंड में मिशन 50 प्लस का लक्ष्य हासिल करने में जी जान से जुट गयी है। पार्टी एक बार फिर सत्ता की दूसरी पारी के लिए कवायद में जुटेगी। इसके साथ ही लोकसभा में 14 सीटों पर जीत की रणनीति भी बनायी जायेगी। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को छह महीने और एक साल के लिए बूथ मैनेजमेंट के काम पर लगा चुकी है। अब उनके काम-काज की समीक्षा गिरिडीह टुंडी रोड स्थित उत्सव उपवन में 29 और 30 जुलाई को होनेवाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में की जायेगी।

बैठक में चुनावी रणनीति पर चल रहे काम-काज को आगे बढ़ाने के लिए कार्यक्रम भी तय किये जायेंगे। दो दिनों तक चलनेवाली इस बैठक में सरकार के 1000 दिन के  रिपोर्ट कार्ड पेश किये जायेंगे। इसे जनता के बीच ले जाने को लेकर रणनीति भी बनेगी। बैठक में संगठन महामंत्री सौदान सिंह भी मौजूद रहेंगे। वैसे बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी पास किया जायेगा,  जिसमें जीएसटी के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया जायेगा। साथ ही रामनाथ कोविंद को राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर इसी प्रस्ताव के जरिये बधाई दी जायेगी। प्रस्ताव में राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र भी होगा। कार्यसमिति की बैठक पिछले डेढ़ साल से अलग अलग स्थानों पर आयोजित की जा रही है। इसके पीछे मकसद ये है कि जहां बैठक हो, वहां के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया जा सके। बैठक में अलग-अलग सत्रों को पार्टी के प्रमुख नेता संबोधित करेंगे।

सरकार के 1000 दिन 

झारखंड में रघुवर सरकार के 1000 दिन पूरे होने पर जश्न मनाने की तैयारी है। इसे लेकर जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक सरकार की उपलब्धियां गिनायी जायेंगी। इस दौरान झारखंड बीजेपी के कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी तक फिर जनता के बीच जाकर राज्य में सरकार की ओर से शुरू की गयी जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसमें विधायक, जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष समेत पार्टी के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर भी रैली निकाली जायेगी। प्रखंड से राज्यस्तर तक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version