रांची: केंद्रीय राज्यमंत्री मनसुख मांडवीया ने कहा है कि अगस्त तक झारखंड के 188 केंद्रों पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जायेंगे। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में मुख्यमंत्री रघुवर दास से भी चर्चा हुई है और राज्य में प्रभावी ढंग से जन औषधि परियोजना को लागू को लेकर विचार विमर्श हुआ है। होटल रेडिशन ब्लू में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राज्यमार्ग, जहाजरानी तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के केंद्रीय राज्यमंत्री ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत देशभर में खोले जा रहे जन औषधि केंद्रों पर 600 से अधिक दवाइयां और 150 से अधिक सर्जिकल एवं अन्य चिकित्सा सामग्री सस्ती दरों पर उपलब्ध करायी जा रही हैं।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने की एनएच के कार्यों की समीक्षा
मनसुख मांडवीया ने एनएच के कार्यों की भी समीक्षा की। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी, एनएच के मुख्य अभियंता समेत अन्य पदाधिकारियों से उन्होंने कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक के दौरान मंत्री को गुमला से छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले रास्ते का प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया। उन्होंने कहा कि यह विभाग के एनुअल प्लान में नहीं था। दिल्ली जाकर वे इसे इसी साल के एनुअल प्लान में जोड़ देंगे। मनसुख मांडवीया ने बताया कि मुख्यमंत्री से रांची-जमशेदपुर हाइवे को लेकर भी बात हुई है। इसमें हो रही देर पर मुख्यमंत्री ने चिंता जतायी है। उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने से आवश्यक दवाओं की रेट में कमी आयेगी।

सीएम और राज्यपाल से मिले मनसुख रिम्स जन औषधि केंद्र का निरीक्षण किया
केंद्रीय मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले रिम्स जाकर जन औषधि केंद्र का दौरा किया और अन्य स्टोर्स के मालिकों से भी बातचीत की। रांची दौरे में आये केंद्रीय राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री के अलावा राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार मुलाकात की। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भी जाकर वे भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले। मंत्री ने कहा कि वे झारखंड पहली बार आये हैं। यहां की आबोहवा काफी अच्छी है और वे फिर से रांची आकर यहां कुछ दिनों तक प्रवास कर यहां के जलप्रपातों को जरूर देखना चाहेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version