हजारीबाग: समाहरणालय परिसर में संचालित होने वाले दीदी कैफे का उद्घाटन गुरुवार को स्थानीय सांसद सह केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने नारियल फोड़ और फीता काटकर किया।
मौके पर उन्होंने कैफे का संचालन करने वाली समृद्धि महिला स्वयं सहायता समूह को 50 हजार का चेक प्रदान किया। चेक बैंक आफ इंडिया द्वारा ऋण के रूप में प्रदान किया गया है। जबकि अलग से 10 हजार अनुदान राशि भी जिला प्रशासन की पहल पर प्रदान की गयी है। उद्घाटन के बाद उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार की गयी चाय, पकौड़ी और प्याजी का स्वाद भी लिया और कहा कि महिलाएं समृद्ध बनें। कैफे की खासियत के बारे में उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने उन्हें कई अहम जानकारी दी। कैफे का संचालन करने वाली दस विधवा महिला के अलावा दो महिलाओं को सीआरपी बनाया गया है।

जिन्हें नगर निगम की ओर से प्रशिक्षण देकर तैयार किया गया है। कैफे का संचालन करने वाली सभी महिलाएं दलित और ओबीसी जाति से आती हैं और वह वार्ड संख्या 22 और 32 की रहने वाली हैं। मौके उपायुक्त के अलावा प्रशिक्षु आइएएस गरीमा सिंह, डीडीसी राजेश पाठक, एसडी मो शब्बीर अहमद, महापौर अंजिल कुमारी, उप महापौर आनंद देव, समूह संगठनकर्ता कुमारी कृष्णा, गुलशन, अनुपम सिन्हा, लीड बैंक के प्रबंधक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

इनके जिम्मे होगा कैफे
दीदी कैफे का संचालन करने वाली महिलाओं में ज्योति गुप्ता, शांति देवी, दीपकी देवी, शाखो देवी, मालती देवी, सरस्वती देवी, रेनू देवी, कालो देवी, सबिता देवी शामिल हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version