स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पी वी सिंधु को आज आंध्र प्रदेश सरकार ने ग्रुप ए सेवा के पद डिप्टी कलेक्टर पर नियुक्त किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबु नायडू ने सचिवालय में खुद अपने हाथों से सिंधु को नियुक्ति पत्र सौंपा।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने स्वयं सिंधु को यहां सचिवालय में नियुक्ति पत्र सौंपा। सिंधु ने इस पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में बैडमिंटन खेलना जारी रखना होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मेरा ध्यान केवल खेल पर रहेगा।”
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अपने ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी देते हुए सिंधु के साथ एक तस्वीर भी शेयर की। फोटो शेयर करते हुए चंद्रबाबु नायडू ने लिखा, “पीवी सिंधू को ग्रुप-1 ऑफिसर के पद पर नियुक्ति करने के लिए नियुक्ति आदेश जारी किया, उम्मीद है वो देश के लिए और भी ख्याति अर्जित करेंगी।”
इसके बाद सिंधु ट्विटर पर मुख्यमंत्री के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए उनका शुक्रिया भी अदा किया। आपको बता दें पीवी सिंधु ने 2016 के रियो ओलंपिक में बैडमिंटन सिंगल्स में सिल्वर मेडल जीता था।