रांची: भाजपा ने जिस तरह बिहार में लालू प्रसाद परिवार को घेरा, ठीक उसी प्रकार झारखंड में उसके निशाने पर शिबू सोरेन परिवार है। भाजपा नित नया खुलासा कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा ने सोरेन परिवार के खिलाफ अब तक का बड़ा खुलासा किया है। पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में हेमंत पर निशाना साधते हुए कहा कि शिबू सोरेन परिवार ने राज्यभर में अनुमानित 100 करोड़ की संपत्ति कौड़ियों के भाव खरीदी है। हेमंत सोरेन ने एक दिन में 16 प्लॉट की रजिस्ट्री करायी है। 30 मार्च 2007 को हेमंत सोरेन ने एक ही दिन में 16 रजिस्ट्री के जरिये 5.28 एकड़ जमीन खरीदी है। इतना ही नहीं, हेमंत ने जमीन की वास्तविक कीमत भी आयकर विभाग से छिपायी। साथ ही उन्होंने 2014 के विधानसभा चुनाव के समय चुनाव आयोग को जो हलफनामा दिया था, उसमें भी संपत्ति की सही जानकारी नहीं दी थी।
शनिवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष समीर उरांव और प्रो आदित्य साहू ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर यह धमाका किया है। जमीन से संबंधित डॉक्यूमेंट भी पेश किया। उनके साथ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला, प्रतुल शाहदेव और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।
भाजपा ने डाक्यूमेंट के साथ यह खुलासा किया कि हेमंत सोरेन और उनके परिवार ने अपनी सभी संपत्तियों को अंडर वैल्यू करके दिखाया है। एक अनुमान के मुताबिक सोरेन परिवार की कुल संपत्ति 100 करोड़ से ज्यादा की है, लेकिन यह प्रारंभिक अनुमान है। वास्तविक संपत्ति इससे कई गुणा ज्यादा हो सकती है। कहा कि भाजपा अभी और खुलासा करेगी।
हेमंत सोरेन की विधायकी रद्द करे चुनाव आयोग
भाजपा नेताओं ने कहा कि हेमंत सोरेन ने 2014 के चुनाव में चुनाव आयोग को जो हलफनामा दिया था, उसमें उन्होंने प्रॉपर्टी की कीमत एक करोड़ 10 लाख रुपये बतायी थी। वहीं पत्नी की प्रापर्टी की कीमत हेमंत ने 1 करोड़ 50 लाख रुपये बतायी थी। मुख्य पेशा खेती को बताया था, जबकि पत्नी की आय के स्त्रोत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। इस हलफनामे में हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना मुर्मू के नाम राजू उरांव से 2009 में खरीदी गयी हरमू की जमीन का ब्योरा नहीं दिया था। भाजपा ने कहा है कि चुनाव आयोग के सामने दाखिल किये गये हलफनामे में अपना या पत्नी की संपत्ति को छिपाना बेहद गंभीर मामला है। भाजपा ने चुनाव आयोग से मांग की है कि इस मामले पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करते हुए हेमंत सोरेन की विधायकी रद्द की जाये।
समय पर मजबूती से जवाब : हेमंत
हेमंत सोरेन ने कहा है कि भाजपा जैसे दल के लोगों की तरह नंगा नाच करना वे नहीं जानते। समय आने पर मजबूती से माकूल जवाब देंगे। हेमंत सोरेन ने कहा कि 100 सोनार की चोट पर एक लोहार की चोट होगी। जो साहूकार उन पर आरोप लगा रहे हैं, पहले वे अपनी गिरेबां में झांकें। जिन लोगों ने सालों तक राज्य ही नहीं, देश के आदिवासी, दलितों का शोषण किया है, उन्हें इस तरह का सवाल करने का हक नहीं है। सीएनटी-एसपीटी एक्ट उल्लंघन और चुनाव आयोग को गलत सूचना देने के मीडिया के सवाल पर हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार भाजपा की है। वे चुनाव आयोग जायें या जो भी चाहे करें। भाजपा को अब खुद पर भरोसा नहीं रह गया है। इसी का नतीजा है कि वह अब चरित्र हनन पर उतर गयी है।