रामगढ़। रांची-रामगढ़ हाइवे पर चुटूपालू घाटी में 30 जुलाई को दुर्घटनाओं का दिन रहा। घाटी में दोपहर से लेकर शाम तक कई दुर्घटनाएं हुईं। दोपहर को दुर्घटना में एक सिख व्यक्ति की मौत हो गयी। रात आठ बजे रांची से दुमका के लिए जा रही वातानुकूलित आशीर्वाद बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।
जानकारी के अनुसार घाटी में आशीर्वाद बस को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इसके कारण बस घाटी में पलट गयी। यह दुर्घटना वहां घटी, जहां दोपहर को एक गैस टैंकर ने एक वाहन को टक्कर मारी थी। ट्रक द्वारा पीछे से आशीर्वाद बस को जोरदार टक्कर मारने के बाद बस के पलटते ही उसमें आग पकड़ ली। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी। बस से यात्रियों को जल्दी-जल्दी उतारा गया। बस की आग पीछे खड़े ट्रक में भी लग गयी। इसके बाद आग पीछे के अन्य दो छोटे वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में कुल चार वाहन जल गये। दुर्घटनास्थल के निकट एक गैस भरा टैंकर भी पड़ा है। इसलिए पुलिस प्रशासन काफी सतर्क हो गया है। घटनास्थल के निकट किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। इस घटना के बाद रामगढ़ थाना पुलिस रांची की ओर जानेवाले वाहनों को घाटी से काफी पहले ही रोक दिया है। पुलिस प्रशासन को डर है कि बस में लगी आग कहीं पहले से दुर्घटनाग्रस्त गैस के टैंकर को अपनी चपेट में ना ले ले। रांची से आनेवाले वाहनों को टोल प्लाजा के पास ही रोक दिया गया है। रामगढ़ से रांची जानेवाले वाहनों को घाटी आरंभ होने के पहले ही रोक दिया गया है। इस घटना के बाद रामगढ़ और रांची की ओर हजारों वाहन जाम में फंस गये हैं। समाचार भेजे जाने तक बस एवं अन्य वाहन धू-धूकर जल रहे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version