धनबाद। निरसा विधायक अरूप चटर्जी को धमकी देने और रंगदारी मांगने के मामले में धनबाद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में भारी पुलिस बल वासेपुर स्थित प्रिंस खान के घर पहुंचा। न्यायालय से जारी कुर्की-जप्ती के आदेश के तहत पुलिस ने गैंगस्टर के मकान को तोड़ने (ध्वस्त करने) की प्रक्रिया शुरू की। इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा।

जानकारी के मुताबिक, विधायक अरूप चटर्जी ने पुलिस से शिकायत की थी कि प्रिंस खान उन्हें लगातार फोन कर रहा था। जब उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की, तो गैंगस्टर ने व्हाट्सएप पर धमकी भरे ऑडियो और मैसेज भेजे। इस ऑडियो संदेश में विधायक को २४ घंटे के भीतर मोटी रकम का इंतजाम करने की चेतावनी दी गई थी और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। धमकी भरे इस मैसेज में धनबाद के कोयला कारोबार का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग तथा आपराधिक साजिश जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। अदालत में पेश न होने के कारण उसके खिलाफ यह सख्त कदम उठाया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version