रांची/खूंटी। खूंटी के कोचांग में देशतोड़क पत्थलगड़ी के अगुआ रहे ग्राम प्रधान सुखराम की शनिवार देर रात गोली मार कर हत्या कर दी गयी। बता दें कि कोचांग का ग्राम प्रधान सुखराम मुंडा पत्थलगड़ी मामले में नामजद था और पुलिस व सरकार के सख्त रुख के बाद भूमिगत हो गया था।
सुखराम पर अड़की थाने में पत्थलगड़ी से संबंधित छह मामले दर्ज हैं। अड़की के अलावा वह अड़की के कोचांग, कुरुंगा आदि क्षेत्रों में सरकार-प्रशासन के विरुद्ध ग्रामीणों को भड़काने में सक्रिय था। 2018 में खूंटी में पुलिस अफसरों-पुलिसकर्मियों को बंधक बनाने में भी उसकी भूमिका रही है।
खूंटी के एसपी आलोक ने सुखराम की हत्या की पुष्टि की है। सुखराम को गोली किसने मारी, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। खूंटी पुलिस को अब तक जो सूचना मिली है, उसके अनुसार दो-तीन बाइक पर सवार अज्ञात आधा दर्जन अपराधी गांव पहुंचे और गांव के चौक के पास ही ग्राम प्रधान को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि पुलिस मुखबिरी के कारण सुखराम मुंडा की हत्या की गयी है। चर्चा है कि सुखराम मुंडा की हत्या पत्लथलगड़ी समर्थकों या उग्रवादियों ने किया है। कहा जाता है कि सुखराम मुंडा ने हाल के दिनों में पुलिस की मदद की थी और कोचांग में पुलिस पिकेट बनाने में पुलिस का सहयोग भी किया था।