रांची। जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती छह जुलाई से भाजपा ने पूरे देश की तर्ज पर झारखंड में भी अपने सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ सहित पार्टी के तमाम शीर्ष नेताओं ने राज्य के विभिन्न जिलों और पंचायतों में सदस्यता अभियान की कमान संभाली। विधानसभा चुनाव से ठीक पूर्व शुरू किये गये सदस्यता अभियान के बहाने पार्टी ने राज्य के प्रत्येक घर तक पहुंचने की रणनीति तैयार की है। लक्ष्य 25 लाख नये सदस्य बनाने का तय किया गया है।
रांची में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने हर वर्ग को जोड़ने की बात कही। कहा कि ऐसा वर्ग जहां हमारी स्वीकार्यता कुछ कम है, उन सभी को अपने साथ जरूर जोड़ें। कमजोर बूथों पर विशेष फोकस किया जाये। विश्वास जताया कि झारखंड के लिए तय किये गये 25 लाख सदस्यों को जोड़ने में हर हाल में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा एकात्म मानव दर्शन और लक्ष्य अंत्योदय को प्राप्त करना है। केंद्र एवं राज्य की सरकारें इसी विचारधारा और लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही हंै। कार्यकर्ता केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। अरुण सिंह ने रघुवर दास सरकार के कार्यों की सराहना भी की। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने भी अपने विचार रखे। स्वागत संबोधन प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रदेश सदस्यता प्रभारी प्रदीप वर्मा ने किया। जबकि संचालन सुबोध सिंह गुड्डू ने किया। मौके पर प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, सांसद महेश पोद्दार, मंत्री सीपी सिंह, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, संजीव विजयवर्गीय, यदुनाथ पांडेय, सूर्यमणि सिंह, उमाशंकर केडिया, रमेश पुष्कर, चंद्र प्रकाश, राजश्री जयंती, शकुंतला जयसवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
तीन चौथाई सीटें जीतेगी भाजपा : अरुण सिंह
अरुण सिंह ने कहा कि एनडीए लोकसभा में झारखंड की 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है तो विधानसभा में क्यों नहीं। उन्होंने विश्वास जताया कि विधानसभा में पार्टी तीन चौथाई सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने रघुवर दास सरकार को पारदर्शी और ईमानदार सरकार बताया।
लक्ष्मण गिलुआ ने दोहराया 65 प्लस का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व के स्तर से तय किये गये लक्ष्य 65 प्लस को कार्यकर्ताओं से साझा किया। उन्होंने कहा कि सभी को झारखंड में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का प्रयास करना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक सदस्य बनाने को कहा।
Previous Articleभीड़ बताये दीपक और विवेक का कसूर क्या है?
Next Article WC: श्री लंका को हराकर टॉप पर पहुंचा भारत