रांची। प्रदेश अध्यक्ष को हटाने की मांग को लेकर एक बार फिर कांग्रेसियों ने हंगामा किया। सोमवार को दोपहर बाद कांग्रेस भवन रणक्षेत्र बन गया। दरअसल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार कांग्रेस भवन पहुंचे थे। उनके विरोधी गुट के कार्यकर्ता पहले ही उनके विरोध में कांग्रेस भवन के बाहर धरना दिये बैठे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष का पुतला भी फूंका। जैसे ही डॉ अजय कुमार कांग्रेस भवन पहुंचे, गो बैक-गो बैक के नारे लगने लगे। इसी क्रम में कुछ विरोधियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। पर विरोधियों को दरकिनार करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ऊपरी तल्ले पर जाने लगे। विरोधियों और डॉ अजय के बीच नोंक-झोक भी हुई। उन्होंने नारेबाजी कर रहे लोगों को चेतावनी भी दी।
बता दें कि डॉ अजय कुमार यहां विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर आयोजित जिलाध्यक्षों की बैठक में भाग लेने पहुंचे थे। बताते चलें कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद से ही कांग्रेस का एक धड़ा प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफा मांगने पर अड़ा है। इसको लेकर पार्टी आलाकमान तक बात पहुंचायी गयी है। दिल्ली में डॉ अजय के खिलाफ लॉबिंग हो रही है। अभी भी कई विक्षुब्ध नेता दिल्ली में जमे हुए हैं।
निष्कासित कांग्रेसी नेता
रांची महानगर अध्यक्ष संजय पांडेय ने जिन छह नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया है, उनमें सुधीर सिंह, योगेंद्र सिंह बेनी, आशुतोष नाथ पाठक, मनीष सिंह उर्फ संटू सिंह, टिंकू वर्मा एवं कृष्णा वर्मा शामिल हैं। इन सभी को अनुशासनहीनता के आरोप में छह वर्षों के लिए निकाला गया है। (पेज 3 भी देखें)

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version