रांची/नयी दिल्ली। झारखंड के विकास को गति देने के लिए सीएम रघुवर दास ने पूरी तरह कमर कस चुके हैं। रांची में ताबड़तोड़ विभागीय समीक्षा बैठकों के बाद योजनाओं की नब्ज टटोली। केंद्रीय स्तर पर लंबित योजनाओं की फेहरिश्त तैयार कर वह दिल्ली पहुंचे। यहां भी उन्होंने गुरुवार को दिनभर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर संबंधित योजनाओं पर चर्चा की। लंबित योजनाओं पर सहमति बनी और विकास का खाका खींचा गया।
सीएम रघुवर दास ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ आधिकारिक बैठक की। बैठक में केंद्र और राज्य के आलाधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार द्वारा देवघर में संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने के लिए आगामी विधानसभा के सत्र में प्रस्ताव लाया जायेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय को केंद्र सरकार भी अनुदान प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने अनुरोध किया कि झारखंड में वर्षों से आदिवासी विश्वविद्यालय खोलने की मांग लंबित है। मध्यप्रदेश स्थित अमरकंटक में संचालित आदिवासी विश्वविद्यालय की शाखा झारखंड में आरंभ करें। इस पर केंद्रीय मंत्री ने अपनी सहमति प्रदान की है। इसके साथ ही पारा शिक्षकों के बकाया पर भी सहमति बनी।
पांच नये मॉडल कॉलेज के लिए मांगी राशि
सीएम ने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत पांच नये मॉडल कॉलेज के लिए राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया। इसके अंतर्गत वर्तमान में संचालित 13 डिग्री कॉलेज को मॉडल कॉलेज में अपग्रेड करने का आग्रह किया। साथ ही दो नये व्यावसायिक कॉलेज खोलने की मांग सीएम ने केंद्र सरकार से की है।
दुमका में खुलेगा कमर्शियल पायलट प्रशिक्षण केंद्र
सीएम रघुवर दास ने बताया कि अब संथाल परगना के दुमका में कमर्शियल पायलट प्रशिक्षण इंस्टीट्यूट खुलेगा। केंद्र सरकार ने इसके लिए एनओसी देने पर सहमति दे दी है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 16 जुलाई को बैठक कर निर्णय लेने की बात कही है।
Previous Articleसिंह मेंशन: संजीव और सिद्धार्थ समर्थकों के बीच तनीं बंदूकें
Next Article जनता से माफी मांगने निकलेंगे ममता के विधायक
Related Posts
Add A Comment