आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड के तीन पत्थसगड़ी समर्थकोंं को गुजरात एटीएस ने गिरफ्तार किया है। सामू औरेया, बिरसा औरेया और बबीता कच्छप की गिरफ्तरी हुई है। इसमें से बबीता कच्छप असंवैधानिक पत्थलगड़ी आंदोलन की मास्टरमांइड बतायी जा रही है। तीनों की गिरफ्तारी गुजरात के महिसागर जिले के संतरामपुर से हुई है। रांची-खूंटी के आसपास के इलाकों में पत्थलगड़ी के दौरान यूसुफ पूर्ति के साथ बबीता कच्छप पत्थलगड़ी की मुख्य मास्टर माइंड थी। बबीता की गिरफ्तारी के बाद संगठन के अब बड़े नेताओं में यूसुफ पूर्ति ही बचा है। सामू औरेया और बिरसा औरेया दोनों भाई बताये जा रहे हैं।

खूंटी पुलिस को थी लंबे समय से तलाश
खूंटी पुलिस लंबे समय से बबिता की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। बबिता के ऊपर यहां के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। इसमें असंवैधानिक पत्थलगड़ी करवाने, देशद्रोह सहित अन्य मामले शामिल हैं। खूंटी जिले के भंडरा में एसपी सहित दर्जनों जवानों को बंधक बनाने में भी बबिता शामिल थी। इसके अलावा मुरहू में असंवैधानिक बैंक खोलने और पूर्व सांसद कड़िया मुंडा के आवास से गार्डों को अगवा कर उनका हथियार लूटने में भी उसकी संलिप्तता सामने आयी थी। इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों में हुई असंवैधानिक पत्थलगड़ी में भी शामिल होने में उसकी संलिप्तता भी बतायी जाती रही है। असंवैधानिक पत्थलगड़ी के कई नेताओं की गिरफ्तारी के बाद से बबिता की गिरफ्तारी के लिए खूंटी पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। पर, उसे सफलता नहीं मिल सकी। पत्थलगड़ी के मास्टरमाइंड यूसुफ पूर्ति के हर अभियान में बबिता कच्छप उनके साथ थी।

गिरफ्तारी की सूचना मिली है: एसपी

खूंटी एसपी अशुतोष शेखर ने कहा कि गुजरात में बबिता गच्छप और उसके दो सहयोगियों की गिरफ्तारी की सूचना मिली है। पुष्टि करने का प्रयास किया जा रहा है। पुष्टि होने के बाद बबिता को रिमांड पर लेने का प्रयास किया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version