रांची। वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव के पीडीएस सिस्टम में पूर्व से चले आ रहे भ्रष्टाचार पर दिये गये बयान पर राजनीति गरमा गयी है। इस मसले पर पूर्व मंत्री सरयू राय ने कहा कि सरकार चाहे तो पूरे पांच साल के कार्यों की जांच करा सकती है। इस पर श्री उरांव ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में पत्रकारों से कहा कि पीडीएस सिस्टम में भ्रष्टाचार संयुक्त बिहार के समय से ही चल रहा है। उन्होंने किसी व्यक्तिगत मंत्री पर सवाल नहीं उठाया है। पूर्व मंत्री सरयू राय उनके अच्छे संबंध और मित्र रहे हैं। इसे व्यक्तिगत नहीं लेना चाहिए। श्री उरांव ने कहा कि हम लोग प्रयास कर रहे हैं कि इस भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाये। लगभग ढाई सौ पीडीएस डीलरों पर कार्रवाई की गयी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीब परिवारों को छह महीने तक अनाज देने के निर्णय पर श्री उरांव ने कहा कि केंद्र सरकार के आदेश को पढ़ने के बाद इस पर कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन गरीब परिवारों को भी अनाज मिलना चाहिए, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है या जिन्होंने राशन कार्ड के लिए अप्लाई किया है। श्री उरांव ने चाइनीज सामानों के बहिष्कार पर कहा कि हम लोग भाजपा के आदेश को क्यों मानेंगे। भारत सरकार अगर इस पर कोई निर्णय लेती है और आदेश जारी करती है, तो हम लोग इसे मानेंगे। चाइनीज सामानों के बहिष्कार के लिए भारत सरकार अगर कृत संकल्पित हैं, तो उन्हें आयात पर ही रोक लगा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में कोई भी देश अकेले अपनी जरूरतों को पूरी नहीं कर सकती है। उन्हें किसी न किसी रूप में दूसरे देश पर निर्भर होना ही पड़ता है।

अब्दुल हमीद का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा
रांची। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद की जन्म जयंती पर कहा कि उनकी वीरता को देश हमेशा याद रखेगा, जिस तरह से युद्ध के मैदान में उन्होंने अपने अदम्य साहस से दुश्मन सेना को सबक सिखाने का काम किया, वह वीरता इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में हमेशा अंकित रहेगा। विधायक दल नेता आलमगीर आलम ने अब्दुल हमीद की जयंती पर कहा कि उनकी शहादत को देश कभी भूल नही सकता। मां भारती के लिए जान न्योछावर करने वाले सपूत ने इतिहास में अपना नाम दर्ज कर लिया है। कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि अब्दुल हमीद के शौर्य और पराक्रम को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इस मौके पर प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता छोटू समेत अन्य उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version