रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा कोविड जांच में तेजी लायी गयी है। यही वजह है कि राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। वर्तमान में प्रतिदिन पूरे राज्य में आठ से नौ हजार कोविड जांच की जा रही है। जैसे-जैसे जांच में वृद्धि होगी, निश्चित रूप से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी होगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि बेड एवं चिकित्सा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार का डर मन में न रखें। राज्य सरकार मरीजों के इलाज में कोई कमी नहीं होने देगी। कोरोना संक्रमण को लेकर शुरुआत से ही सरकार काफी गंभीर रही है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में बेड की कोई कमी नहीं होने दी जायेगी। संक्रमण के इस दौर में मरीजों की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सभी पहलुओं पर सरकार की पैनी नजर है। मुख्यमंत्री रविवार को रांची के कुटे स्थित विस्थापित कॉलोनी के नवनिर्मित आवासों एवं खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम परिसर में बनाये जा रहे कोविड वार्ड का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों के बेहतर चिकित्सा प्रबंधन की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो, इस निमित्त राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार मरीजों के लिए निरंतर बेड बढ़ाये जाने को लेकर गंभीर है। इसके लिए जगह भी चिह्नित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्काल तीन से चार हजार बेड बढ़ाये जा रहे हैं। वर्तमान में रांची के कुटे स्थित विस्थापित कॉलोनी में बने नवनिर्मित आवासों एवं खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम परिसर में आइसोलेशन सेंटर बनाये गये हैं। पूरे राज्य में संक्रमित मरीजों के लिए बेड बढ़ाने का कार्य प्रगति पर है।
कोविड सेंटरों में मानकों के अनुरूप सुविधाएं देने का निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोविड सेंटरों में मानकों के अनुसार सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करायी जायें। उन्होंने कोविड वार्ड के निरीक्षण के दौरान कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। उन्होंने आइसीयू, आइसोलेशन वार्ड एवं क्वारेंटाइन वार्ड के संबंध में जानकारी ली।
ये रहे उपस्थित
मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, रांची के उपायुक्त छवि रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा, मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



