आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड के कुछ कांग्रेसी विधायकों ने सरकार और संगठन के प्रति नाराजगी व्यक्त कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राज्यसभा सांसद धीरज साहू के नेतृत्व में पार्टी के तीन विधायकों ने केंद्रीय नेताओं से मिल कर अपनी बात रख दी है।
जानकारी के अनुसार विधायक इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला और राजेश कच्छप मंगलवार को अचानक दिल्ली चले गये। उन्होंने बुधवार को दिल्ली में पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और अहमद पटेल से अलग-अलग मुलाकात की। इनके साथ सांसद धीरज साहू भी थे।
विधायकों ने केंद्रीय नेताओं से कहा कि सरकार में उनकी बात नहीं सुनी जाती है। जिला के अधिकारी भी उनकी नहीं सुनते। संगठन में भी सब कुछ ठीकठाक नहीं है। ऐसे में उनके सामने आम लोगों की समस्याएं सुलझाने की चुनौती है। विधायकों ने कहा कि संगठन में एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत को लागू किये जाने की जरूरत है। उन्होंने केंद्रीय नेताओं से इस मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझाने का आग्रह किया। विधायकों ने कहा कि पार्टी के कम से कम और आधा दर्जन विधायकों की भी यही पीड़ा है। केंद्रीय नेताओं ने उनसे कहा कि उनकी शिकायतों पर गौर किया जायेगा और पार्टी इसे सुलझायेगी। सांसद धीरज साहू और तीनों विधायक बुधवार देर शाम रांची लौट आये।
उधर इस संबंध में जब कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह से आजाद सिपाही ने बातचीत की, तो उन्होंने स्वीकारा कि विधायक दिल्ली आये थे, लेकिन उनका कहना था कि वे अपने निजी मामले को लेकर आये थे। जब उनसे डॉ इरफान अंसारी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे खबरों में बने रहने को आतुर रहते हैं।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

