मेदिनीनगर: मोहमदगंज इलाके में रेलवे की थर्ड लाइन बना रही कंपनी अशोका बिल्डकॉन के कैम्प कार्यालय में गोलीबारी करने के मामले में पलामू पुलिस ने कोयलांचल के गैंगस्टर अमन साहू के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। अमन साहू के साथ ही उसके साथी मयंक सिंह सहित चार को इस मामले में आरोपी बनाया गया है। पलामू में यह पहला मामला है, जिसमें कोयलांचल में दहशत फैलाने वाले अमन साहू और मयंक सिंह ने घटना को अंजाम दिया है। कैम्प कार्यालय पर गोलीबारी में बिहार का रहने वाला एक कर्मी जख्मी हो गया है। उसका इलाज चल रहा है।

गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस के अनुसंधान में पता लगा कि दो माह से कार्यरत कंपनी पर रंगदारी देने के लिए फोन कर दबाव बनाया जा रहा था। रंगदारी के लिए 20 बार से अधिक व्हाट्सअप कॉल किए गए। कई मैसेज भी किए गए। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर प्राग विष्णु चौधरी से रंगदारी मांगी गई थी, लेकिन उन्होंने पुलिस को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। मालूम हो कि अमन साहू जेल में बंद है और वहीं से अपने गुर्गों के जरिये रांची, जमशेदपुर समेत कोयलांचल इलाके में रंगदारी वसूली करता है। उसका संबंध पलामू के रहने वाले गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और नक्सली संगठन से भी रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version