झारखंड में कोरोना के नए मरीजों के मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में कोरोना से 36 लोग स्वस्थ हुए। इसके विपरीत सिर्फ 27 नए केस मिले हैं। इस दौरान राज्य के पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में एक मरीज की मौत हो गई।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बोकारो से छह और रांची से चार नए मरीज मिले हैं। देवघर से तीन, जबकि धनबाद,कोडरमा और साहेबगंज में से प्रत्येक जिले में दो मरीजों की पहचान हुई है। पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर ),गिरिडीह, गोड्डा, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा और रामगढ़ से एक-एक नए मरीज मिले हैं। इन नए मरीजों के साथ राज्य में अब तक कोरोना मरीजों की कुल संख्या तीन लाख, 47 हजार, 049 हो गयी है। इनमें से तीन लाख, 41 हजार, 686 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक राज्य में पांच हजार, 126 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है।
झारखंड में अब तक एक करोड़,14 लाख, 91 हजार, 499 सैंपल की जांच की गयी है। इनमें कोरोना के 237 सक्रिय मरीज मिले। झारखंड में कोरोना की रिकवरी रेट 98.45 प्रतिशत है।
राजधानी रांची में पिछले 24 घंटों में कोरोना के चार नए मरीज मिले हैं। जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 41 है। सात मरीज अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए हैं। राजधानी में अब तक कुल 85 हजार, 346 पॉजिटिव केस आए , जिनमें 83 हजार, 717 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।