रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी बुधवार को अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। रांची में स्थित उनके निवास स्थान समेत पूरे झारखंड में माही के जन्मदिन को लेकर उत्साह है। हालांकि कोरोना के कारण इस मौके पर कोई समारोह नहीं हो रहा है। सुबह से ही प्रशंसकों, शुभचिंतकों और खेल जगत की हस्तियों समेत अन्य गणमान्य लोगों द्वारा माही को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए अपने ट्वीट में लिखा है कि झारखंडी सपूत और कैप्टन कूल के नाम से दुनिया भर में मशहूर महेंद्र सिंह धौनी झारखंड सहित पूरे देश के लिए गौरव हैं। धौनी झारखंड की शान हैं। उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हमेशा की तरह ईश्वर से आपकी लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।