आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। सरकार ने शनिवार को कई आइएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत रांची के उपायुक्त छवि रंजन को स्थानांतरित करते हुए समाज कल्याण का निदेशक बनाया गया है। साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, पर्यटन निदेशक राहुल कुमार सिन्हा को रांची जिला का दंडाधिकारी एवं उपायुक्त नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें बंदोबस्त पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। बता दें कि राहुल कुमार सिन्हा डीसीसी भी रह चुके हैं। यूपीएससी परीक्षा में 60वीं रैंक हासिल कर आइएएस बनने से पहले आइपीएस थे। मूल रूप से बिहारशरीफ के रहने वाले राहुल सिन्हा के पिता जिला न्यायाधीश रहे हैं। इनके चाचा पटना के पूर्व ट्रैफिक एसपी रहे हैं।
वहीं, राज्य सरकार ने डॉ नितिन कुमार कुलकर्णी को राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राहुल शर्मा को राज्यपाल का प्रधान सचिव बनाया गया है। प्रवीण कुमार टोप्पो को दक्षिणी छोटानागपुर का प्रमंडलीय आयुक्त बनाया गया है। के श्रीनिवासन श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही श्रमायुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। कमलेश्वर प्रसाद सिंह को उत्पाद आयुक्त बनाया गया है। साथ ही झारखंड बेवरेज कॉर्पोरेशन का प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। रांची के नगर आयुक्त मुकेश कुमार को आदिवासी कल्याण आयुक्त बनाया गया है। वहीं, अमित कुमार को खान निदेशक बनाया गया है। लातेहार उपायुक्त अबु इमरान को चतरा जिला का दंडाधिकारी और उपायुक्त नियुक्त किया गया है। ए दोड्डे को पलामू जिला का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। भुवनेश प्रताप सिंह को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का अभियान निदेशक का भी प्रभार दिया गया है। आदित्य कुमार आनंद को नगरी प्रशासन एवं आवास विभाग का निदेशक बनाया गया है। जीशान कमर को गोड्डा का जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त नियुक्त किया गया है। पलामू के उपायुक्त शशि रंजन को रांची नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, भोर सिंह यादव को लातेहार जिला का दंडाधिकारी एवं उपायुक्त बनाया गया है। अंजलि यादव को पर्यटन निदेशक बनाया गया है।