रांची। झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह की 18 वर्षीय पुत्री का मंगलवार देर रात दिल्ली में असामयिक निधन हो गया। वह दिल्ली में एमिटी यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई कर रही थी। सिर दर्द की शिकायत होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सा के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुखदेव सिंह की बेटी के निधन से उनके रिश्तेदार, शुभचिंतक और जानने वाले स्तब्ध हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को ट्विट करके राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह की बिटिया के आकस्मिक निधन पर दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा इस दुःख की घड़ी में पूरा राज्य सिंह एवं उनके परिवार के साथ खड़ा है।
माना जा रहा है कि इसी कारण सुखदेव सिंह दो जुलाई से अवकाश पर चले गए हैं। विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह को मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मंगलवार को इससे संबंधित अधिसूचना भी राज्य सरकार की ओर से जारी कर दी गई है। सुखदेव सिंह के लौटने तक अरुण सिंह ही मुख्य सचिव का भी काम देखेंगे।