कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए हो रही मतगणना भी हिंसा से अछूती नहीं रही। भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया है कि उसके काउंटिंग एजेंट को कई जगहों पर मतगणना केंद्र के अंदर नहीं घुसने दिया गया। कई जगहों पर भाजपा एजेंट से मारपीट की गई।

भाजपा ने कहा है कि डायमंड हार्बर के फकीर चंद कॉलेज के सामने भाजपा के काउंटिंग एजेंट को पीटा गया। पुलिस तमाशबीन बनी रही। काउंटिंग एजेंट का आई कार्ड छीन लिया गया। डायमंड हार्बर के विष्णुपुर एक नंबर के भाजपा काउंटिंग एजेंट को भी पीटा गया। उसे घुसने नहीं दिया गया। भाजपा समर्थक महिलाओं को पीटा गया। उनके कपड़े फाड़ दिए गए।

स्थानीय भाजपा नेता गोपीनाथ सरदार ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस समर्थक हमले कर रहे हैं। पुलिस उनकी मदद कर रही है। मतगणना केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में केंद्रीय बलों की सुरक्षा है। मगर यह लोग इस दायरे से पहले ही पूरा गिरोह बनाकर खड़े हैं। काटोया में भी भाजपा के काउंटिंग एजेंट को मतगणना केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version