चंडीगढ़। हरियाणा रोडवेज की बसों का शुक्रवार से दिल्ली आवागमन शुरू हो गया। यह बसें नई दिल्ली स्थित कश्मीरी गेट बस अड्डे तक जाएंगी। दिल्ली में जलभराव के कारण बसों का संचालन बंद किया गया था।
हरियाणा से रोजाना हजारों लोग दिल्ली जाते हैं। हरियाणा के पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम व झज्जर आदि जिलों से रोडवेज की लोकल बसें संचालित होती हैं। पिछले दिनों पहले हरियाणा में बाढ़ आ गई और उसके बाद दिल्ली के आईएसबीटी और आसपास के इलाके में जलभराव हो गया। इसके चलते हरियाणा की बसों का कश्मीरी गेट तक संचालन बंद कर दिया गया। शुक्रवार से दोबारा बसों का संचालन शुरू हो गया। परिवहन विभाग ने इस संबंध में रोडवेज के जिला महाप्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए हैं।