रांची। रांची में तिरंगे के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में सोमवार को डेली मार्केट थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है। मुहर्रम जुलूस में प्रतिनियुक्ति मजिस्ट्रेट राणा बड़ाइक ने डेली मार्केट थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। आईपीसी की धारा 147, 153(ए), 153(बी), 120(बी), 2 और राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है।
थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने बताया कि मामले को लेकर सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। सभी अखाड़ा संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा और पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
वायरल वीडियो में देखा गया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) के साथ छेड़छाड़ की गयी थी। राष्ट्रीय ध्वज का रंग तो वही था। लेकिन तिरंगे के बीच के अशोक चक्र को हटाकर वहां कुछ और लिखा हुआ था। लोगों ने जब तिरंगे में बदलाव देखा, तो उसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।