आज अंतरिक्ष में भारत एक और मुकाम हासिल करने की दिशा में कदम बढ़ाने वाला है। भारतीय समयानुसार दिन के 2.35 बजे चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग होगी। एलवीएम एम-3 रॉकेट के जरिये इसे अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। अंतरिक्ष में भारत की इस ऐतिहासिक यात्रा में कई वैज्ञानिक और कर्मचारी महीनों से जुटे हुए हैं। हर कोई अपना अहम योगदान दे रहा है। भारत के इस अंतरिक्ष की यात्रा में झारखंड का भी कनेक्शन है। यह कनेक्शन झारखंड के रांची और खूंटी जिले से है।
आइए जानते हैं झारखंड के दो जिले से चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग का क्या है कनेक्शन
पहला कनेक्शन : खूंटी के सोहन हैं टेस्टिंग टीम में शामिल
इस चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग का पहला कनेक्शन खूंटी जिले से जानते हैं। किसी भी अंतरिक्ष अभियान के कई अहम हिस्से होते हैं। उन अहम हिस्सों एक अहम हिस्सा होता है ऑर्बिटर इंटीग्रेशन और टेस्टिंग टीम। खूंटी के तोरपा के तपकरा गांव के रहने वाले वैज्ञानिक सोहन यादव इसी टीम का हिस्सा हैं। सोहन मिशन गगनयान से भी जुड़े हैं। सोहन की बातचीत परिवार वालों से 15 दिन पहले हुई थी। तब उन्होंने अपनी मां देवकी देवी व भाई गगन को इस बात की जानकारी दी थी। परिवार वालों के बीच काफी उत्साह है।