रांची। झारखंड के लिए वर्ष 2024-25 के लिए सेना भर्ती रैली 27 जुलाई से 10 अगस्त तक रांची के खेलगांव में आयोजित होना है। इसमें झारखंड के युवाओं को सेना में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसे लेकर सेना भर्ती रैली की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गयी है। सेना भर्ती कार्यालय रांची और जिला प्रशासन के साथ मिलकर ग्राउंड और रेस्ट एरिया, मार्शलिंग, रन ट्रैक, डॉक्यूमेंटेशन, मेडिकल का चयन पूर्व में ही कर लिया गया है।
इसी क्रम में रविवार को निदेशक सेना भर्ती कर्नल विकास भोला द्वारा रांची एसएसपी चन्दन कुमार सिन्हा से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की गयी। खेलगांव स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में होने वाली रैली के दौरान सुरक्षा, भर्ती के दौरान दलालों की पहचान कर उन पर कानूनी कार्रवाई करने, रैली में शामिल अभ्यर्थी का पुलिस वेरिफिकेशन रैली स्थल पर करने की मांग की। इस पर एसएसपी द्वारा आश्वासन दिया गया कि उन्हें पुलिस प्रशासन से जो मदद की आवश्यकता होगी, उसे पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे।