रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा दिन सोमवार को हंगामेदार रहा। सदन के बाहर और अंदर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक-दूसरे पर जम कर निशाना साधा। प्रदीप यादव ने भाजपा पर झारखंड का विभाजन करने का आरोप लगाया। उनका इशारा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर था। उन्होंने कहा कि झारखंड के अस्तित्व को भाजपा मिटाना चाहती है। जम्मू-कश्मीर को भी इन लोगों ने बांटने की कोशिश की। चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जायेगा।

आदिवासी महिलाओं का अपमान कर रही है भाजपा
रांची। कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि भाजपा के नेता कहते हैं कि बांग्लादेशी घुसपैठिये आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे हैं, बच्चा पैदा कर रहे हैं। फिर उन्हें छोड़ दे रहे हैं। ऐसा कह कर भाजपा के लोग पूरे देश में आदिवासी महिलाओं की छवि खराब कर रहे हैं। ये आदिवासी महिलाओं का अपमान है। इसके लिए इन्हें क्षमा मांगनी होगी।

सहायक पुलिसकर्मियों की मानदेय वृद्धि पर सरकार का जवाब स्पष्ट नहीं: विनोद
रांची। भाकपा माले विधायक विनोद सिंह ने कहा कि सहायक पुलिसकर्मियों की मानदेय वृद्धि और नियुक्ति में प्राथमिकता को लेकर सरकार का जवाब स्पष्ट नहीं है। इस पर सरकार ने जवाब देते हुए कहा कि सहायक पुलिसकर्मियों की विभिन्न मांगों के संदर्भ में सरकार द्वारा गठित समिति में शामिल विधायक और सहायक पुलिसकर्मियों के प्रतिनिधि के साथ हुए समझौते के क्रम में कार्रवाई जारी है। विनोद सिंह ने पूछा था कि क्या सरकार सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा विस्तार, मानदेय वृद्धि और स्थायी नियुक्ति में प्राथमिकता देने का विचार रखती है?

मानदेय में तीस फीसदी की बढ़ोत्तरी
सरकार के साथ हुए समझौते के बाद सहायक पुलिसकर्मियों का आंदोलन स्थगित कर दिया। सरकार के प्रतिनिधि के साथ हुई बातचीत के बाद यह तय हुआ कि सहायक पुलिसकर्मियों के मानदेय में 30 फीसदी की बढ़ोत्तरी की जायेगी। मतलब करीब 3000 रुपये की मानदेय में प्रतिमाह सहायक पुलिसकर्मियों की बढ़ोत्तरी हो जायेगी। साथ ही उन्हें सिपाही की तर्ज पर छुट्टी भी दी जायेगी। सिपाही की तर्ज पर वर्दी भत्ता भी दिया जायेगा। अगले एक वर्ष के लिए सहायक पुलिसकर्मियों का सेवा विस्तार होगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version