-रांची स्थित प्रभात तारा मैदान में तैयारी पूरी
-केंद्रीय गृह मंत्री 2.30 बजे सभा को करेंगे संबोधित
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड में आनेवाले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होना है। भाजपा धीर-धीरे चुनावी मोड में आने लगी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जोश भरने में लगे हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को पार्टी की विस्तारित कमेटी की बैठक बुलायी है। यह बैठक रांची के प्रभात तारा मैदान में हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बैठक में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। प्रभात तारा मैदान में इसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। मंच और पंडाल लग चुके हैं। राज्यभर से कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो गया है। इसमें मंडल, जिला और प्रदेश स्तर के दायित्वधारी 25000 कार्यकर्ता भाग लेंगे।

दोपहर 1.30 बजे पहुंचेंगे रांची:
केंद्रीय मंत्री अमित शाह शनिवार को बीएसएफ के विमान से 1.40 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। यहां से दोपहर दो बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल पर करीब सवा घंटा यानी 3.15 तक रहेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद अमित शाह करीब चार बजे प्रदेश भाजपा के हरमू रोड स्थित कार्यालय आयेंगे। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करेंगे। इसके बाद शाम करीब 7.30 बजे दिल्ली लौट जायेंगे।

10.30 बजे कार्यक्रम का होगा उद्घाटन:
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे शुरू होगा। उद्घाटन सत्र के साथ ही प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, विधानसभा चुनाव प्रभारी सह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के समापन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संबोधन होगा।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version