सरायकेला। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि रक्तदान महादान है। यह जीवन दान है। अर्जुन मुंडा आदित्यपुर स्थित अटल पार्क में सामाजिक संस्था उदगम की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर के मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवनदान ही नहीं, बल्कि मानव को प्रकृति से प्रेरणा भी देता है। कहा कि मनुष्य का शरीर प्रकृति से जुड़ा है। समय-समय पर रक्तदान करने से मनुष्य के शरीर में संतुलन बरकरार रहता है।

रक्तदान करने वाले व्यक्ति को भविष्य में मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसे बीमारियों का भी सामना नहीं करना पड़ता है। यह रिसर्च में साबित हो चुका है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सामाजिक संस्था उदगम के सफल आयोजन को लेकर सभी रक्तदाताओं से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया। इससे पूर्व संस्था की मुख्य संरक्षक सोनिया सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह के द्वारा उनका स्वागत किया गया। शिविर में कुल 1302 यूनिट रक्त संग्रहित कर संस्था ने रिकॉर्ड स्थापित किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version