देवघर। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी धर्मपत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ देवघर पहुंचे। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में बाबा भोलेनाथ के दरबार में शीश नवा कर आशीर्वाद लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयकारे के बीच बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य के सर्वांगीण विकास, अमन-चैन एवं सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर देवघर के उपायुक्त विशाल सागर ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न प्रदान किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल्पना संग पहुंचे देवघर
सावन से पहले श्रावणी मेले की तैयारी की समीक्षा को लेकर शनिवार को सीएम हेमंत सोरेन देवघर पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का देवघर एयरपोर्ट पर आगमन हुआ। इस मौके पर उपस्थित संथाल परगना कमिश्नर लालचंद डाडेल, संथाल परगना डीआइजी संजीव कुमार, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर, पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग के द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद एयरपोर्ट परिसर में मुख्यमंत्री को गॉर्ड आॅफ आॅनर दिया गया। इस दौरान मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी देवघर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

बाबा मंदिर के बाद पार्वती मंदिर, फिर बगला मंदिर गये सीएम हेमंत
देवघर सर्किट हाउस में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन का देवघर की महिलाओं ने जोरदार स्वागत किया। महिलाओं ने झारखंड सरकार द्वारा महिलाओं के लिए लागू की गयी योजनाओं के लिए आभार प्रकट किया। सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन सबसे पहले देवघर के बाबा मंदिर गये और पूजा-अर्चना की। इसके बाद पार्वती मंदिर गये और इसके बाद वे बगला मंदिर गये। वहां दोनों ने विधिवत पूजा-अर्चना की।

देवघर सर्किट हाउस में भोजन के दौरान अफरा-तफरी का माहौल
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के आगमन को लेकर देवघर सर्किट हाउस में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान खाना खाने के लिए अफरा-तफरी मच गयी। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने महिलाओं को सर्किट हाउस में सीएम का अभिनंदन करने के लिए बुलाया था। काफी संख्या में महिलाएं पहुंच गयी थीं। इसे लेकर अफरा-तफरी मच गयी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version