रांची। झारखंड में मानव तस्करी के किंग पिन पन्ना लाल महतो की ओर से मनी लांड्रिंग मामले में दायर जमानत अर्जी की सुनवाई झारखंड हाइकोर्ट में हुई। कोर्ट ने इडी को जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 16 अगस्त निर्धारित की है। पन्नालाल के खिलाफ इडी ने इसीआइआर 4-2021 दर्ज किया है।

दरअसल, मनी लांड्रिंग एक्ट में अनुसंधान कर रहे प्रवर्तन निदेशालय मानव तस्कर पन्ना लाल महतो की तीन करोड़ की चल-अचल संपत्ति को जब्त कर चुकी है। उक्त संपत्ति पन्ना लाल और उसके रिश्तेदारों के नाम पर है। पन्नालाल प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से झारखंड की लड़कियों को देश के विभिन्न राज्यों में घरेलू नौकरानी आदि का काम भी काम दिलाता था और उन लड़कियों को काम के एवज में मिले वेतन को हड़प लेता था।

खूंटी जिले का रहने वाला है पन्ना लाल
पन्ना लाल महतो खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के गनालोया गांव का निवासी है। उस पर 15 साल में झारखंड की 5000 लड़कियों का सौदा कर 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने का भी आरोप है। उसके खिलाफ झारखंड पुलिस के अलावा एनआइए भी केस दर्ज कर जांच कर रही है। पन्नालाल को पुलिस ने खूंटी से गिरफ्तार किया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version