-राष्ट्र विजय का महापर्व है कारगिल विजय दिवस
रांची। भाजपा मुख्यालय दिल्ली में कारगिल विजय दिवस पर रजत जयंती समारोह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मौजूद रहे। कार्यक्रम में कारगिल के युद्ध में बलिदान हुए राष्ट्र के नायकों को श्रद्धांजलि देकर उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की गयी। इसके बाद कारगिल के नायकों और बलिदानियों के परिवारजनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि कारगिल विजय पूरे राष्ट्र का विजय है। भारत ने उस समय जो एकजुटता दिखायी, वह अद्वितीय है। कारगिल का युद्ध सिर्फ हमारे सैनिकों ने नहीं लड़ा, यह युद्ध पूरे राष्ट्र ने लड़ा। पूरे सामर्थ्य के साथ लड़ा। तब अटल जी ने सैनिकों और उनके परिवारजनों के साथ खड़ा होने का आह्वान पूरे राष्ट्र से किया था। आज गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों का भी ख्याल रखा जा रहा है। उनके परिवारजनों का भी ख्याल रखा जा रहा है।
श्री सेठ ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में भारत लगातार मजबूत हुआ है। पहले रक्षा से जुड़ी छोटी-छोटी चीजों के लिए हमारी निर्भरता विदेशों पर होती थी, परंतु आज गर्व है कि भारत रक्षा क्षेत्र का बड़ा उत्पादक बन चुका है। श्री सेठ ने कारगिल युद्ध के नायकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह महापर्व राष्ट्र का महापर्व है। यह महापर्व देशवासियों को प्रेरणा देने वाला महापर्व है कि परिस्थितियों कैसी भी हो। देश की 140 करोड़ जनता हर पल राष्ट्र के लिए खड़ी है।