रांची। राजद के झारखंड प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव ने कहा कि राजद-झामुमो और कांग्रेस के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। नवंबर-दिसंबर माह में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर राजद ने तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने तय किया है कि चुनाव से पहले राजद कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने पर काम करेंगे। यादव शनिवार को प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को बनाने में राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, नेता तेजस्वी यादव का अहम रोल रहा है।
यादव ने कहा कि शुक्रवार को पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में विधानसभा चुनाव की तैयारी पर व्यापक चर्चा हुई। चुनाव से पहले दो अहम कामों को पूरा करने का भी निर्णय लिया गया है। पहला, सांगठनिक ढांचा को मजबूत किया जाएगा। दूसरा, हर कार्यकर्ताओं का उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।
उन्होंने कहा है कि दस दिनों में पार्टी विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा आज देश में नफरत, विभाजनकारी नीतियां अपना रही। इससे लोगों के अंदर काफी नाराजगी है।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि पार्टी किन-किन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, उसे चिन्हित किया गया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को पहले इससे अवगत कराया जाएगा। अंतिम निर्णय के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।