आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भारतीय न्याय संहिता सहित देशभर में तीन नया कानून सोमवार से लागू हो गया है। इसे लेकर लेकर झारखंड पुलिस ने भी तैयारी पूरी करके कानून को लागू कर दिया है। इसकी जानकारी झारखंड पुलिस के डीजीपी अजय कुमार सिंह ने दी है। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस मुख्यालय में अधिकारी नये कानून को लेकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। भारत सरकार और झारखंड सरकार ने नये कानून को लेकर लगातार ट्रेनिंग दी है। उन्होंने बताया कि जिला के अधिकारियों के साथ मुख्यालय के अधिकारियों को भी इसकी जिम्मेदारी दी गयी है।
अभी तक कोई समस्या नहीं आयी
डीजीपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि नये कानून को लेकर झारखंड पुलिस पूरी तरह से तैयार है और सभी पदाधिकारी को प्रशिक्षण भी दिया गया है। हालांकि इसमें कई चुनौतियां भी आयेंगी। जिसको लेकर राज्य के डीजीपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि धीरे-धीरे सारी चीजें ठीक हो जायेंगी। उन्होंने बताया कि नये कानून लागू होने के बाद अभी तक कोई समस्या नहीं आयी है। लेकिन चुनौतियां होंगी कि तीनों कानून 100 साल से अधिक समय से इस्तेमाल में थे। अब अचानक नयी चीज शुरू होती है। तो उसमें चुनौतियां और परेशानी आती है। लेकिन उसके लिए प्रशिक्षण और संसाधन मुहैया कराये गये हैं। कई टेक्नोलॉजी चेंज हुई हैं। वह धीरे-धीरे लागू हो जायेगी। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक का रोल ज्यादा बढ़ गया है। कई बदलाव हुए हैं। लेकिन सभी को प्रशिक्षण दिया गया है। यह सफलतापूर्वक लागू हो जायेगा। लोगों की जागरूकता के लिए कमेटी का भी गठन हुआ है।