रांची। मिशन लाइफ के तहत राज्य के सरकारी विद्यालयों में इस वर्ष निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए एक लाख पौधे लगाये जा चुके हैं। झारखंड शिक्षा परियोजना को प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक राज्य के सभी स्कूलों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अभूतपूर्व प्रयास किया गया। विद्यालय कैंपस को हरा-भरा बनाने के लिए अब तक एक लाख से अधिक पौधे लगाये गये हैं। इस मिशन के तहत विद्यालयों में 5,153 आदर्श किचेन गार्डेन बनाये गये हैं। राज्य के सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के लिए उपयोग होने वाली पोषक सब्जियों, मौसमी और औषधीय पौधों को लगाया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विद्यालय समितियों, जनप्रतिनिधियों और समाज सेवियों का भी योगदान मिला। 2 जून से शुरू हुए इस पौधरोपण अभियान के तहत हर प्राथमिक विद्यालयों में 10 पौधा, मध्य विद्यालयों में 20 पौधा और उच्च विद्यालयों में 30 पौधा लगाना अनिवार्य किया गया है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक आदित्य रंजन ने बताया कि इस वर्ष सरकारी विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण के लिए पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी स्कूलों को विस्तृत दिशा-निर्देश के साथ राशि उपलब्ध करायी गयी थी। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को पुरस्कृत करने की भी योजना है।
इको क्लब के माध्यम से होगी ट्रैकिंग
राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में बारिश के दौरान वर्षा जल संरक्षण के ठोस उपायों को अमल करने का निर्देश दिया गया है। मानसून के साथ ही वर्षा जल संरक्षण का कार्य शुरू कर दिया गया है। विद्यालयों को वर्षा जल से इक्ट्ठा जल की मात्रा को ट्रैक करने के लिए तंत्र विकसित करने का निर्देश दिया गया था। इसके लिए इको क्लब के सदस्यों को प्रोजेक्ट वर्क दिया गया है। भविष्य में इस ट्रैकिंग तंत्र के माध्यम से यह पता लगाया जायेगा कि कितना वर्षा संरक्षित किया गया।