रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव में आरजेडी ने 22 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा ठोका है। ऐसे में इंडिया के सहयोगी दल कांग्रेस ने आपत्ति जतायी है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि राजद को सभी 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजद 81 विधानसभा सीट पर मजबूत होगी तो इसका लाभ महागठबंधन को ही मिलेगा। गौरतलब है कि बीते दिन राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय यादव ने झारखंड विधानसभा चुनाव में 22 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है।

क्या था राजद के प्रदेश अध्यक्ष का बयान
6 जुलाई को झारखंड राजद प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा था कि पार्टी ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा था कि प्रदेश में 22 विधानसभा सीटों को चिह्नित किया है और वहां के लिए प्रत्याशियों के संभावित नाम भी फाइनल कर लिये हैं। अब अंतिम फैसला पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव को करना है।

वर्ष 2019 में सिर्फ सात सीटों पर चुनाव लड़ा था राजद
2019 झारखंड विधानसभा चुनाव में राजद, कांग्रेस और झामुमो के साथ महागठबंधन में साथ मिल कर चुनाव लड़ा था। तब राजद को सिर्फ सात विधानसभा सीटें दी गयी थीं। उनमें से राजद सिर्फ एक सीट जीत पाया। झामुमो को 43 और कांग्रेस को 31 सीटें मिली थीं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version