-दो आंदोलनकारी और जेबीकेएसएस नेता देवेंद्रनाथ महतो घायल
रांची। रांची के मोरहाबादी मैदान में सहायक पुलिसकर्मियों का आंदोलन2 जुलाई से जारी है। शुक्रवार को सहायक पुलिसकर्मियों और सरकार के बीच वार्ता हुई, लेकिन यह विफल हो गयी। आंदोलन पर बैठे सहायक पुलिसकर्मी बैरिकेडिंग तोड़ सीएम आवास घेराव करने के लिए आगे बढ़े। इस दौरान सहायक पुलिसकर्मियों ने उत्तेजना में वहां मौजूद गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी और उन्हें पलट दिया। सहायक पुलिसकर्मियों ने पत्थरबाजी भी की। इतना ही नहीं सहायक पुलिसकर्मियों ने जैप के जवानों का डंडा छीन कर उन्हें भगा दिया। सहायक पुलिसकर्मियों ने वज्र वाहन पर भी कब्जा कर लिया था। उन्होंने इसका तार तोड़ दिया और गाड़ी के टायर की हवा भी निकाल दी। आंदोलन उग्र होता देख पुलिस ने सहायक पुलिसकर्मियों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए। लाठीचार्ज में झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (जेबीकेएसएस) के नेता देवेंद्र नाथ महतो बुरी तरह से घायल हो गये। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।

प्रशासन वहां से हटने के लिए कर रहा अनाउंसमेंट
सहायक पुलिसकर्मियों के आंदोलन की अगुवाई कर रहे विवेकानंद ने कहा कि हमारी मांगों को नहीं माना जा रहा है। वार्ता के दौरान सरकार की ओर से वेतन में 20 प्रतिशत वृद्धि और एक साल के एक्सटेंशन का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सहायक पुलिसकर्मियों की सहमति नहीं बनी। मौके पर डीसी राहुल कुमार सिन्हा, सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार, एडीएम लॉ एंड आॅर्डर राजेश्वर नाथ आलोक, सिटी एसपी राजकुमार मेहता सहित अन्य मौजूद थे। सहायक पुलिसकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे तक सीएम आवास के बाहर उग्र आंदोलन किया। इसके बाद सभी सहायक पुलिसकर्मी वापस मोरहाबादी के धरना स्थल पर लौट गये। सहायक पुलिसकर्मियों की सरकार के साथ एक बार फिर वार्ता होगी।

सहायक पुलिसकर्मियों और सरकार के बीच हुई थी वार्ता
बता दें कि इससे पहले सहायक पुलिसकर्मियों और सरकार के बीच शुक्रवार को वार्ता भी हुई। वार्ता के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय में एडीजी मुख्यालय आरके मलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सहायक पुलिसकर्मियों का अनुबंध एक साल बढ़ाने और पुलिस बहाली में आरक्षण देने पर सहमति बन गयी है। सहायक पुलिसकर्मियों को आश्वासन दिया गया है कि नौ अगस्त से समाप्त हो रहा उनका अनुबंध एक साल के लिए और बढ़ाया जायेगा। उनके वेतन भत्ते में 25% की बढ़ोतरी की जा रही है। इसके अलावा झारखंड पुलिस में होने वाली बहाली में उन्हें आरक्षण दिया जायेगा। सरकार से वार्ता के बाद सहायक पुलिसकर्मियों का प्रतिनिधिमंडल वापस मोरहाबादी मैदान चला गया है।

मोरहाबादी मैदान में 19 जुलाई रात 12 बजे तक धारा 163 लागू
बता दें कि सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने सहायक पुलिसकर्मियों के सीएम आवास घेरने से पहले रांची के मोरहाबादी में स्थित राज्य अतिथिशाला के चाहरदीवारी से 100 मीटर की परिधि में धारा 163 के तहत निशेधाज्ञा लागू कर दी थी। निशेधाज्ञा (धारा 163) आज 19 जुलाई की रात 12 बजे तक लागू रहेगा। हालांकि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची को इससे मुक्त रखा गया है। जारी आदेश में कहा गया कि हाल के दिनों में संगठनों/ दलों द्वारा धरना, प्रदर्शन, जुलूस, रैली पूर्व में निर्धारित स्थान (जाकिर हुसैन पार्क) की जगह अन्य जगहों पर किया जा रहा है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से सरकारी कामकाज में व्यवधान उत्पन्न होने, यातायात व्यवस्था बाधित होने, विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने और लोक परिशांति भंग होने की संभावना होती है। इसलिए सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने धारा-163 लागू किया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version