-पूर्व आइएएस राजीव कुमार आजसू पार्टी में शामिल हुए
रांची। हेमंत सोरेन सरकार ने राज्यवासियों का विश्वास तोड़ा है। जनादेश के साथ धोखाधड़ी की है। सरकार पर विश्वास करने का समय अब खत्म हो गया और मतलब भी नहीं। यह समय और मौका इन्हें इनकी वादाखिलाफी का जवाब देने का है। उक्त बातें आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो शनिवार को कांके रोड, रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में कहीं। इस दौरान पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) अधिकारी राजीव कुमार ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सुदेश कुमार महतो ने कहा कि स्थापित सरकार ने यूथ को धोखा दिया है। धोखा खाये हुए नौजवान सड़कों पर भटक रहें हैं और अपने भविष्य के लिए चिंतित हैं। सरकार ने रोजगार मेला लगाकर जिन युवाओं को नौकरियां दी वो युवा अब कहां हैं।

इसका हिसाब सरकार को देना चाहिए। नियोजन नीति को लेकर झारखंडी युवा छले गये हैं। सरकार की नीयत उजागर है। इसके बाद भी कभी 30 हजार कभी 40 हजार नौकरियां देने के वादे किये जा रहे हैं। पूर्व आइएएस अधिकारी राजीव कुमार का पार्टी में स्वागत करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरकार परिणाम नहीं देती है तो जनता को निराशा होती है। समाज के हर वर्ग के लोग हमारे साथ जुड़ रहे हैं। आज प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन में आने वाले पूर्व आइएएस अधिकारी राजीव कुमार का पार्टी में स्वागत है। इन्होंने बतौर प्रशासनिक अधिकारी बेहतर कार्य किये हैं। राजीव झारखंड को समझने वाले अधिकारी रहे हैं। इनके अनुभव का लाभ पार्टी को जरूर मिलेगा। पार्टी में शामिल हुए पूर्व आइएएस राजीव कुमार ने कहा कि आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के विकास के प्रति सोच और झारखंडी विचारों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहा हूं। इस अवसर पर मुख्य केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, आशुतोष तिवारी, आदिल अजीम, हरीश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version