पटना। बिहार विधानमंडल में मानसून सत्र के तीसरे दिन विधानसभा-विधानपरिषद में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। बिहार तीसरे दिन विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मतदाता पुनरीक्षण पर अपनी बात रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को जवाब दिया। मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि अपने माता-पिता का कार्यकाल देखें तेजस्वी यादव। राजधानी पटना तक में कोई शाम को नहीं निकलता था।
पहले क्या बुरे हालत थे। उन्होंने कहा कि राज्य को केंद्र सरकार काफी मदद कर रही है। हमने मिलकर जहां कहीं भी कमी थी उसे पूरा कर दिया है। अब चुनाव लड़ना है, तो चुनाव लड़िए। पहले किसी ने महिला के लिए कुछ नहीं किया। हम लोगों ने 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। हमने महिलाओं के लिए काफी कुछ किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने मुस्लिमों के लिए भी काफी कुछ काम किया है। आप (तेजस्वी) जब बीच में थे, तो कितना ज्यादा बड़ाई कर रहे थे। हम लोगों ने जितना काम किया है, उसी को लेकर चुनाव में जाएंगे। जनता जिसे जिताएगी, वह यहां (सरकार में) आएगा।
नीतीश कुमार ने कहा कि हम सबका काम करते हैं। पहले का बजट क्या था सबको पता है, आज तीन लाख करोड़ से ज्यादा का बजट बिहार का है। हम लोग चारों तरफ घूम कर देखें हैं। एक-एक काम किए हैं।
नीतीश कुमार के बोलने के बाद भी सदन में जबरदस्त हंगामा जारी रहा। विपक्षी विधायक भाई वीरेंद्र के बोलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह की अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल यहां ना करें। इस दौरान वहां काफी हंगामा होता रहा। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।