हजारीबाग। हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में शनिवार देर रात अपराधियों ने कोयला ढुलाई को निशाना बनाते हुए जमकर तांडव मचाया। मिली जानकारी के अनुसार, तेरह माईल से करीब 200 मीटर आगे घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने दो हाइवा वाहनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
मौके पर मौजूद चालकों और पुलिस के अनुसार, इस हमले में करीब सात राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फायरिंग के बाद हमलावरों ने लोहे की रॉड से दोनों वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए और दहशत फैलाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके से ‘प्रिंस खान’ लिखा एक पर्चा जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद एक बार फिर कोयला परिवहन और ट्रांसपोर्टरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
गौरतलब है कि यह इस वर्ष का पहला मामला नहीं है। इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी इसी क्षेत्र में दिनदहाड़े अपराधियों द्वारा एक हाइवा वाहन में आग लगा दी गई थी। लगातार हो रही ऐसी वारदातों के कारण ट्रांसपोर्टरों और चालकों में भारी भय का माहौल है। वहीं, परियोजना प्रबंधन ने इसे बड़ी सुरक्षा चूक मानते हुए प्रशासन से तुरंत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद मामले में एक नया मोड़ तब आया जब ‘प्रिंस खान’ के नाम से जारी एक ऑडियो सामने आया। इस ऑडियो में पुलिस के दावों को खारिज करते हुए दावा किया गया है कि मौके पर सात नहीं बल्कि 40 राउंड फायरिंग की गई थी, पांच गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया और कुल आठ पर्चे छोड़े गए थे। इस सनसनीखेज दावे ने पूरे मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी और घटना के हर पहलू की बेहद बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जबकि पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए छापेमारी अभियान भी तेज कर दिया है।

